वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की घेराबंदी को धता बताते हुए पैदल मार्च निकाला। पुलिस से नोकझोंक और धक्का-मुक्की के बीच सपाइयों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।
जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में सपा जिला कार्यालय से शुरू हुए इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में वाहन खड़े कर दिए, जिसे लेकर पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। करीब 30 मिनट तक सपा कार्यालय से लेकर अलीगढ़ रोड पर पुलिस और सपाइयों के बीच खीचतान होती रही। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में आंबेडकर की तस्वीर लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस के अवरोधों के बावजूद सपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग व वाहनों के किनारे से निकलते हुए नारेबाजी करते हुए अलीगढ़ रोड पहुंचे। पुतला फूंकने के बाद सपाइयों ने तमनागढ़ी पार्क पहुंचकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और राष्ट्रगान गाया। प्रदर्शन के उपरांत सपा का प्रतिनिधिमंडल तहसील पहुंचा और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
ज्ञापन में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किए जाने, बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटाने, नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांगें उठाई गई हैं।
मौके पर चौधरी भाजुद्दीन, एसपी सेंगर, धीरज पांडेय, प्रेम चौधरी, वीरेंद्र कुशवाहा, रामनारायण काके, ललित बघेल, बनी सिंह बघेल, मुहर सिंह, रजनीश कुशवाहा, टेकपाल कुशवाहा, ललित चौधरी आदि अनेक सपाई मौजूद थे।