हाथरस। विशेष न्यायालय (एससी/एसटी एक्ट) ने सादाबाद के कश्यप नगर में वर्ष 2020 में हुए हत्याकांड और जानलेवा हमले के मामले में अंतिम फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को बरी कर दिया है। अदालत ने मुख्य वादी और मृतक के पिता के खिलाफ झूठा साक्ष्य देने के आरोप में धारा 383 (1) बीएनएसएस के तहत अलग से प्रकीर्ण वाद दर्ज कर नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।
26 अप्रैल 2020 को सादाबाद के कश्यप नगर में नाली और पड़ोस के विवाद के चलते मारपीट व फायरिंग की घटना हुई थी। अरविंद कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बबलू, मूला और उनके साथियों ने उनके घर पर हमला किया। आरोप था कि बबलू ने तमंचे से गोलियां चलाईं, जिससे हरिकेश घायल हो गया और उनके बेटे शरद की सीने में गोली लगने से मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया था। एडीजे हर्ष अग्रवाल की अदालत में सुनवाई के दौरान मुकदमे का रुख पूरी तरह बदल गया। मुख्य वादी और मृतक के पिता अरविंद अपनी प्रतिपरीक्षा में शुरुआती बयानों से मुकर गए।
उन्होंने अदालत को बताया कि उन्होंने घटना को अपनी आंखों से नहीं देखा था। मौके पर भीड़ में ईंट-पत्थर और फायरिंग हो रही थी और अज्ञात गोली लगने से उनके बेटे की मौत हुई थी। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि मुख्य प्रत्यक्षदर्शियों और तथ्य के गवाहों के मुकर जाने के बाद केवल पुलिस और मेडिकल गवाहों की औपचारिक गवाही के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। इसके अलावा पुलिस द्वारा तमंचे की संदेहास्पद बरामदगी और बैलिस्टिक/एफएसएल रिपोर्ट के अभाव के कारण अभियोजन पक्ष संदेह से परे आरोप साबित करने में पूरी तरह असफल रहा।