फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोलेरो ने छात्र को रौंदा, मौत पर भड़के ग्रामीण

Mon, 16 Jan 2017 11:49 PM IST
अमर उजाला, हाथरस
विज्ञापन
जाम लगा रहे लोगों को समझाते पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल से स्कूल जा रहे नवीं कक्षा के छात्र को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। आरोपी चालक के कार लेकर भाग निकलने से गुस्साए परिजनों ने शव रखकर राजमार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
विज्ञापन


ग्रामीणों ने पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई। परिजनों और ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए सीओ और एसडीएम मौके पर पहुंचे और आरोपी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। डेढ़ घंटे तक जाम लगाने के बाद परिजन मान गए।

इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कॉटन मिल चौराहा स्थित वीसी झूरिया इंटर कॉलेज में नवीं कक्षा में पढ़ने वाले 13 वर्षीय विकास उर्फ आशू पुत्र जयराम निवासी सोखना सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपने स्कूल के लिए साइकिल लेकर निकला था। वह गांव के बाहर सोखना रेलवे फाटक पर सड़क किनारे खड़ा था और सड़क के इस ओर आने की कोशिश में था, तभी उसे एक तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया।
विज्ञापन


हादसे में मौके पर ही विकास की मौत हो गई। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी हुई वह मौके पर आ गए। सोखना के ज्यादातर ग्रामीण भी मौके पर आ गए। जब ग्रामीणाें को यह पता चला कि यूपी 100 की रेस्पांस टीम की गाड़ी घटनास्थल के पास ही खड़ी थी और हादसे के बाद भाग रही बोलेरो कार को यूपी 100 ने पकड़ने की कोशिश नहीं की और नही यूपी 100 घायल विकास को जिला अस्पताल तक ले गई, तो उनका पारा चढ़ गया। सीमेंट के एक बिजली खंभे को उखाड़कर सड़क पर रख जाम लगा दिया।

विकास के शव को सड़क पर रखकर महिलाएं भी रास्ते में बैठ गईं। हादसे में शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की खबर से पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। थाना हाथरस गेट पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण बेहद आक्रोशित नजर आए। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। जाम खोलने के बारे के लिए ग्रामीणाें को मनाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि वह तब तक जाम नहीं खोलेंगे जब तक कि बोलेरो पकड़ में नहीं आती। ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की मांग भी की।

ग्रामीणों के जाम नहीं खोलने से दोनों ओर वाहनों की काफी लंबी कतार लग गई थी। इस पर एसडीएम राकेश गुप्ता और सीओ सिटी आरके गौतम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणाें से बात की। अधिकारियों ने कहा कि बोलेरो को पकड़ने के लिए पूरे प्रदेश में अलर्ट कर दिया गया है। वहीं जल्द ही स्पीड ब्रेकर भी बनवा दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन और ग्रामीण मान गए और रास्ते से हट गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें