महिला का शव नहर किनारे पड़ा मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आया है। पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन सवाल यह है कि आत्महत्या कहां की और शव नहर किनारे कैसे पहुंचा। न वहां पेड़ था और न गले में कोई फंदा पड़ा हुआ था।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में अलीगढ़ रोड पर गांव दयानतपुर के निकट एक महिला का शव नहर किनारे पड़ा मिला है। महिला मानसिक रूप से बीमार थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि महिला ने आत्महत्या की तो उसका शव नहर किनारे किसने फेंका। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
विज्ञापन
मृतका रचना शर्मा (50) गांव दयानपुर निवासी संजय शर्मा की पत्नी थी और वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। 12 अप्रैल सुबह करीब नौ बजे वह घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने रात में उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। 13 अप्रैल सुबह कूड़ा बीनने वाली एक महिला ने शव पड़ा देखा और गांव में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण और परिजन पहुंचे तो शव की पहचान रचना शर्मा के रूप में हुई।
सूचना पर एएसपी आशोक कुमार, सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारयाण पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक महिला के पति संजय शर्मा ने कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर दी है। उन्होंने रचना की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है।
विज्ञापन
आत्महत्या की तो कहां की, नहर किनारे कैसे पहुंची लाश..उलझी गुत्थी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रचना की मौत की वजह हैंगिंग आने से पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान कर चल रही है, लेकिन सवाल यह है कि आत्महत्या कहां की, शव नहर किनारे कैसे पहुंचा। वहां न कोई पेड़ था और न ही महिला के गले में कोई फंदा पड़ा हुआ था। इससे साफ है कि घटना कहीं और हुई, बाद में शव नहर किनारे फेंका गया। सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि इसका जवाब फिलहाल पुलिस भी तलाश रही है।