रक्तदान करने से शरीर पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके विपरीत रक्तदान करने से शरीर में नई एंटीबॉडीज का निर्माण होता है, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को मजबूत करती हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस के मौके पर हाथरस के बागला संयुक्त जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ सुबह नौ बजे होगा। इस पुनीत कार्य में अमर उजाला फाउंडेशन के साथ वेंकटेश्वर सोसाइटी द्वारा संचालित नेकी की दुकान, जाॅयंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस पहल और जॉयंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस हाईटेक का विशेष सहयोग रहेगा।
विज्ञापन
रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने के लिए शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डाॅ. सूर्यप्रकाश मौजूद रहेंगे।
पूर्व संध्या पर शनिवार को सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल ने बागला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर तैयारियों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने खून के रखरखाव के इंतजाम, रिकॉर्ड रजिस्टर, ब्लड डोनेशन चेयर और रक्तदाताओं के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने अमर उजाला फाउंडेशन के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए चिकित्सा स्टाफ और आम जनता से बढ़-चढ़कर इस शिविर में भाग लेने की अपील की है।
विज्ञापन
भ्रांतियां दूर कर गिनाए रक्तदान के फायदे
सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने रक्तदान के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई भी नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके विपरीत रक्तदान करने से शरीर में नई एंटीबॉडीज का निर्माण होता है, जो हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को मजबूत करती हैं। उन्होंने बताया कि दान किया गया खून चंद दिनों में शरीर में स्वतः बन जाता है, इसलिए किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। एक स्वस्थ व्यक्ति एक यूनिट रक्तदान करके चार जरूरतमंदों की जिंदगी बचा सकता है।