डीआईओएस कार्यालय के लिपिक ने एक महिला पर वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की है और अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया है।
विवेक राजपूत डीआईओएस कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि आठ दिसंबर की दोपहर लगभग तीन बजे एक महिला उनके कार्यालय पहुंची। महिला ने विद्यालय की मान्यता के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि मान्यता की तिथि निकल चुकी है। इसके बाद महिला ने इस पर होने वाले खर्च की जानकारी मांगी।
विवेक के अनुसार उन्होंने अंदाजे से बताया कि दो से ढाई लाख रुपये का खर्च आता है और पूर्ण मान्यता में तीन से साढ़े तीन लाख रुपये का खर्चा आता है। जल्दबाजी के कारण वह पूरा विवरण नहीं दे सके और कार्यालय से चले गए। विवेक ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर ढाई बजे महिला अपने साथी के साथ कार्यालय आई और बातचीत का वही वीडियो दिखाने लगी।
बाबू का आरोप है कि इन लोगों ने गलत तरीके से वीडियो एडिट कर उनसे पांच लाख रुपये की मांग की। बाद में व्हाट्सएप कॉल पर उनसे एक लाख 10 हजार रुपये मांगे गए। घटना से घबराए बाबू ने डीआईओएस को मामले से अवगत कराया।