सदर कोतवाली क्षेत्र में सासनी गेट चौराहे के पास एक ढाबे पर बुधवार रात भाजपा नेता के समर्थकों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने ढाबे पर खाना खाने पहुंचे एक पूर्व सभासद के साथ मारपीट कर दी। पुलिस के पहुंचने पर समर्थक अपनी कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया।
दरअसल, भाजपा नेता अपने एक साथी के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे, तभी स्कॉर्पियो कार में सवार भाजपा नेता के समर्थक वहां आए। आरोपी शराब के नशे में धुत थे और आते ही आरोपियों ने ढाबे पर खाना खा रहे दूसरे लोगों से उलझना शुरू कर दिया। पहले तो ढाबे पर मौजूद लोगों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन आरोपियों के गाली-गलौज करने पर पूर्व सभासद ने इस पर आपत्ति की।
ढाबे पर मौजूद दूसरे लोगाें ने भी आरोपियों को हद में रहने को कहा। इस पर दोनों आरोपी पूर्व सभासद से भिड़ गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मारपीट के बाद दोनाें आरोपी मौके से चले गए। कुछ देर बाद वह अपने आठ-दस साथियों के साथ ढाबे पर पहुंचे।
आरोपियों ने आते ही ढाबे के बर्तन उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। उन्होंने पूर्व सभासद को घेर लिया और उससे मारपीट शुरू कर दी। ढाबे के संचालक ने यूपी 100 को फोन किया। जब तक पुलिस पहुंची आरोपी ढाबे में तोड़फोड़ करते रहे। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी कार छोड़कर भाग निकले। गुस्साए लोगों ने कार के शीशे को तोड़ दिया। कोतवाल जेएस पवार का कहना है कि आरोपियों की कार को कब्जे में लिया गया है। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।