बिजली अधीक्षण अभियंता से बात करते भाजपा नगर अध्यक्ष।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती से भाजपाइयों में काफी गुस्सा है। शनिवार को भाजपा के शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल से मिला। इस दौरान भाजपाइयों ने शहर में बिजली कटौती रोकने की मांग की।
शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल को बताया कि शासन द्वारा हाथरस शहर को ताज क्षेत्र में आने के कारण 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का आदेश है। शासन के आदेश को ताक पर रखकर अघोषित रूप से बिजली कटौती कर जनता का शोषण किया जा रहा है। जिससे भाजपा की छवि खराब हो रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शरद माहेश्वरी ने कहा कि स्कूल खुलने वाले हैं। सुबह-सुबह उपभोक्ताओं को बिजली न मिलने के कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल ने कहा कि कटौती की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा। अंत में पवन ने शरद माहेश्वरी से कहा कि वह जनता के बीच जाकर लोगों को बकाया बिल जमा करने के लिए जागरूक करें। प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी वार्ष्णेय, नगर मंत्री अर्जुन वाल्मीकि, मीडिया प्रभारी भूपेंद्र कौशिक थे।