एचपी सिंह कृषि इंटर कॉलेज बिसावर में अब राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निर्माण होगा। शासन ने इसके लिए मंजूरी भी दे दी है।
चूंकि आईटीआई में जूनियर कक्षाओं का संचालन बेसिक शिक्षा विभाग की मदद से होता है, इसलिए बेसिक शिक्षा विभाग ने आईटीआई बनवाने का प्रस्ताव शासन को भिजवा दिया है।
जिले में रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शासन ने एक नए राजकीय आईटीआई को स्वीकृति प्रदान की है। नए आईटीआई की सौगात सादाबाद क्षेत्र के लिए दी गई है।
इसके लिए शासन की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग से आईटीआई बनवाने के लिए जमीन का प्रस्ताव मांगा गया था। बेसिक शिक्षा विभाग ने एचपी सिंह कृषि इंटर कॉलेज की कृषि भूमि पर आईटीआई का भवन बनवाने के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है।
उम्मीद है कि शासन जल्द ही भवन निर्माण के लिए किसी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंप देगा। आईटीआई बनने के बाद सादाबाद के युवाओं को व्यवसायिक कोर्सेज में प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा।
उन्हें अपने क्षेत्र में ही व्यवसायिक कोर्सेज के प्रशिक्षण की सुविधा सरकारी खर्चे पर मिल सकेगी। यही नहीं आईटीआई के जरिए उद्योग-धंधों के लिए प्रशिक्षित श्रम शक्ति तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व सिकंदराराऊ में भी एक आईटीआई बन चुकी है। वहां इसका संचालन भी शुरू हो चुका है। सादाबाद में यह जिले का दूसरा आईटीआई होगा।