संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर कान्हा कोल्ड के निकट एक बाइक और कैंटर में भिड़ंत हो गई। जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं, उसकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। वहीं, घायल को इलाज के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम हाईवे पर हरिप्रसाद पुत्र ब्रजमोहन पाठक बाइक से अपने पैतृक गांव मोहरिया के लिए जा रहा था। इसी दौरान कान्हा कोल्ड के निकट अलीगढ़ की ओर से रहे एक कैंटर से उसकी बाइक टकरा गई। जिससे हरिप्रसाद जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र भेजा। लेकिन, हालत गंभीर होने के कारण वहां से उसे हाथरस भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक किसी ने दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी।