लूटपाट कर भाग रहे दो लोगों को दबोचा, एक फरार
सिकंदराराऊ। जलेसर मार्ग पर पैट्रोल पम्प के पास शुक्रवार शाम तीन बाइक सवारों ने बुलेरो में सवार दो लोगों से मारपीट कर ग्यारह हजार रुपये, मोबाइल लूट लिया। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने दो आरोपियों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। तीसरा बदमाश रुपये और मोबाइल लेकर भागने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार गांव बझेड़ा रायुपर के रहने वाले आकिल पुत्र शौकत अली गांव से बुलेरो में सवार होकर शोएब पुत्र मो. अली के साथ सिकंदराराऊ आ रहे थे। पुरदिलनगर से पहले सिहोरी मोड़ पर लगे प्रेशर पर गाड़ी धुलवाने रुक गये। तभी तीन युवक बाइक पर सवार होकर आये और आकिल शोएब के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आकिल की जेब से ग्यारह हजार रुपये निकाल लिए। दोनों युवकों के शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। भीड़ ने दो लुटेरों को दबोच लिया। लेकिन तीसरा साथ रुपये और मोबाइल लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।