हाथरस रोड पर खंड विकास कार्यालय के सामने रविवार को बल्लियों से लदी मैक्स पिकअप में पीछे से बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार जूस विक्रेता की मौत हो गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव बिसाना जिंद पट्टी चंदपा निवासी करीब 50 वर्षीय राजकुमार पुत्र सोहनपाल के रूप में हुई है। वह सादाबाद बस स्टैंड के पास गन्ने के जूस की ढकेल लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, वह पंखा ठीक कराने बाइक से गांव से सादाबाद आ रहे थे। इसी दौरान खंड विकास कार्यालय के सामने आगे चल रही मैक्स के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बाइक अनियंत्रित होकर मैक्स में जा घुसी।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राजकुमार को सीएचसी ले गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
पत्नी की मौत के बाद बच्चों का सहारा थे राजकुमार
करीब दो साल पहले राजकुमार की पत्नी उषा देवी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपने दो बेटों और दो बेटियों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटियां अभी अविवाहित हैं। परिजनों के मुताबिक, राजकुमार एक बेटी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे और उसकी शादी की तैयारी में जुटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने बच्चों के भविष्य और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मौसम खराब होने से ढकेल भी नहीं लगा पा रहे थे
राजकुमार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह बस स्टैंड के पास गन्ने के जूस की ढकेल लगाते थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब होने के कारण ढकेल नहीं लगा पा रहे थे। परिवार पहले ही आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। ऐसे में हादसे ने परिवार का सबसे बड़ा सहारा छीन लिया।