आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार आशू (29) पुत्र बलवीर सिंह निवासी सदर नैना जाट आगरा की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
आशू बाइक रिपेयरिंग का काम करते थे। वह अपने दोस्त लक्ष्मण पुत्र गणेश निवासी मलपुरा आगरा और सोनू पुत्र अशोक निवासी जींद हरियाणा के साथ सोमवार की देर रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक से हाथरस से आगरा लौट रहे थे। इस दौरान बाइक सादाबाद में भारतीय स्टेट बैंक के सामने डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर ही आशू की मौत हो गई, जबकि लक्ष्मण व सोनू घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक व घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया, जहां से घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताते हैं कि आशू हाथरस में अपने दोस्त मनोज की बहन की गोदभराई के कार्यक्रम से अपने दोस्तों के साथ लौट रहे थे। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।