मथुरा-कासगंज रेल खंड पर स्थित हाथरस सिटी स्टेशन के पास बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक आज सुबह आठ से शाम छह बजे तक बंद रहेगा। ट्रैक पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य के चलते यह निर्णय लिया गया है। इस दौरान वाहन सवारों को पांच किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना होगा।
फाटक बंद होने से बिजली काटन मिल, हाथरस सिटी, सासनी गेट, अलीगढ़ रोड सहित आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा। वाहन चालकों को करीब पांच किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि वाहन चालक सासनी गेट से तालाब चौराहा ओवरब्रिज होते हुए अलीगढ़ रोड की ओर जा सकते हैं।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ हाथरस सिटी अजय कुमार भटनागर ने बताया कि कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा और शाम छह बजे के बाद फाटक को खोल दिया जाएगा। तब तक लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।