सादाबाद सीएचसी पर भर्ती कराया गया घायल शहाबुददीन। संवाद
- फोटो : samvad
रविवार शाम एलआईसी गली के निकट उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कैंटर वाहन के अगले हिस्से में साइकिल फंस गई। साइकिल सवार शहाबुद्दीन भी कैंटर की चपेट में फंस गए। आरोप है कि कैंटर चालक ने वाहन रोकने के बजाय साइकिल और शहाबुद्दीन को करीब तीन किलोमीटर तक घसीटता हुआ आगरा रोड स्थित मंडी समिति के पास एलआईसी वाली गली के पास बीच वाले पेट्रोल पंप तक ले आया।
घटना के दौरान सड़क पर मौजूद लोगों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो लोगों में खलबली मच गई। लोगों ने तत्काल कैंटर का पीछा किया और उसे रुकवाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और कैंटर को कब्जे में लेकर थाने ले गई। घायल शहाबुद्दीन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते लोगों ने कैंटर को रुकवाने की हिम्मत नहीं दिखाई होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था। लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि साइकिल सवार सुरक्षित है। कैंटर चालक साइकिल सवार को तीन किलोमीटर दूर तक घसीट कर ले गया था। कैंटर चालक के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है।