साइकिल रैली निकाल कर दिया पोषण का संदेश
पोषण माह के तहत किशोरियों को रैली के माध्यम से दी गई पोषण की जानकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। पोषण माह के दूसरे सप्ताह में किशोरी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को शहर और देहात के आंगनबाड़ी केंद्रों से किशोरियों ने साइकिल रैली निकाली और कुपोषण दूर करने का संदेश दिया।
शहर के मोहल्ला बेलनशाह पहुंचकर जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह ने किशोरियों की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। यहां उन्होंने कहा कि जब एक किशोरी कुपोषित रहती है और अपने पारिवारिक जीवन में प्रवेश करते समय कुपोषित रह जाती है तो वह अल्प वजन के बच्चे को जन्म देती है। अल्प वजन का बच्चा जीवन भर कुपोषण का शिकार रहता है। यदि वह बच्चा बालिका हुई तो वह फिर कुपोषित किशोरी-कुपोषित मां और फिर कुपोषित बच्चे का जन्म। इस तरह से कुपोषण का चक्र लगातार चलता रहता है।
यदि किशोरियों को सही पोषण मिले और वैवाहिक जीवन में प्रवेश करते समय सुपोषित अवस्था में रहेगी तो कुपोषण की जंग आसानी से जीती जा सकती है। यहां पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता चौधरी सहित शहर की कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इनकी देखरेख में पोषण माह के दसवें दिन प्रभात फेरी एवं साइकिल रैली निकालकर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।