भैयादूज पर रोडवेज बसों और ट्रेनों में जबर्दस्त भीड़ उमड़ी। यात्रियों को जान जोखिम में डालकर बसों व ट्रेनों की छत और पायदान पर लटक कर यात्रा करनी पड़ी। डग्गेेमारों ने भी मौके का खूब फायदा उठाया। डग्गेमारों ने यात्रियों से मनमाने दाम वसूल कर उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाया। लोगों को सफर में काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
भैया दूज पर्व पर भाई बहन एक दूसरे के घर पहुंचकर पर्व की परंपराओं को पूरा करते हैं। पर्व पर शनिवार की सुबह से ही रोडवेज बसों, ट्रेनों में भाई बहनों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। काफी संख्या में भाई बहन अपने निजी वाहनों से भी गए। लेकिन फिर भी भाई बहनों की संख्या के आगे वाहनों की संख्या काफी कम पड़ गई। सफर में यात्रियों ने काफी मुसीबतें झेलीं। रोडवेज बसों में यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नसीब नहीं हुई। अधिक भीड़ के कारण उन्हें बसों में धक्के खाते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। काफी लोगों ने बसों की छत व पायदान पर लटक कर अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ी।