संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
विभिन्न समाज के लोगोें ने अपने-अपने समाज के महापुरुषों के नाम पर चौराहों व तिराहों का नाम रखने की मांग की है। इसी क्रम में अब जाट महासभा ने मांग की है कि हाथरस बाईपास के निकट भगवंतपुर चौराहे का नाम राजा महेंद्रप्रताप के नाम पर रखकर वहां राजा साहब की मूर्ति लगाई जाए। इसे लेकर विधायक सदर को जाट महासभा ने ज्ञापन भी दिया है।
उल्लेखनीय है कि नगला भुस तिराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने और इस तिराहे का नाम महाराणा प्रताप के नाम से किए जाने की मांग की जा चुकी है। बाह्मण समाज के लोग रुहेरी तिराहे का नाम भगवान परशुराम के नाम से करने की मांग कर चुके हैं। अब इसी क्रम में जाट महासभा ने सदर विधायक हरीशंकर माहौर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि एनएच बाईपास पर भगवंतपुर चौराहे का नाम राजा साहब के नाम पर रखा जाए। वहां उनकी प्रतिमा भी लगवाई जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि आजादी की लड़ाई में राजा साहब के संघर्ष को भुलाया नहीं जा सकता। उनके नाम पर अलीगढ़ में विवि भी बन रहा है।