गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण पूर्वोत्तर रेलवे के कई मार्गों पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। ट्रेन संख्या 09451/09452 भागलपुर-गांधीधाम एक्सप्रेस को दो फेरों के लिए निरस्त कर दिया गया है। यह ट्रेन 29 मई और 05 जून को अपने निर्धारित मार्ग पर नहीं चलेगी। इससे बिहार, उत्तर प्रदेश और गुजरात की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
इसी तरह से हाथरस सिटी स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेन संख्या 19409/19410 गोरखपुर-साबरमती एक्सप्रेस भी आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। यह ट्रेन 28 मई, 30 मई, 04 जून और 06 जून को गोरखपुर तक नहीं जाएगी। इसका संचालन ठावे स्टेशन तक ही सीमित रहेगा। गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। पीआरओ प्रयागराज मंडल अमित कुमार ने बताया कि तकनीकी और संरचनात्मक कार्यों के चलते यह बदलाव आवश्यक है।