संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों की परीक्षाएं कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण टल गई हैं। कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूल 24 मार्च से 31 मार्च तक बंद रखने के निर्देश शासन ने दिए हैं।
करीब 10 माह बाद तो बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में रौनक लौटी थी, लेकिन अब फिर से इस रौनक पर कोरोना के संक्रमण का ग्रहण लग गया है। वहीं 25 मार्च से शुरू होने वाली बेसिक के स्कूलों की परीक्षाएं भी फिलहाल टल गई हैं, क्योंकि शासन ने कक्षा एक से आठवीं तक के सभी बोर्डों के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कक्षा एक से आठ तक के 24 मार्च से 31 मार्च तक स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यालय 25 मार्च से 31 मार्च तक बंद रहेंगे। हालांकि जिन विद्यालयों में परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं, उन्हें पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संपन्न कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
डायट प्राचार्या-बीएसए रिचा गुप्ता ने बताया कि कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूल 31 मार्च तक बंद रहेंगे। इसके अलावा शिक्षकों का बीआरसी स्तर पर चल रहा प्रशिक्षण यथावत कोविड के नियमों का पालन कराते हुए जारी रहेगा। डीआईओएस रीतू गोयल ने बताया कि इस संबंध में हमें अभी तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, आदेश आने पर उसका पालन किया जाएगा।