सीएमओ मनजीत सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बांके बिहारी यहां नगरिया स्वास्थ्य इकाई रानी का नगला में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात है। मानव तस्करी के मामले में फार्मासिस्ट प्रेम बिहारी व उसकी पत्नी दयावती सहित आठ लोगों को मथुरा जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। बांके बिहारी हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। इस मामले को लेकर अन्य जगहों पर भी छापेमारी की जा रही है।
बीच शहर में चलता रहा मानव तस्करी का खेल लेकिन प्रशासन को नहीं लगी भनक
बच्चा चोर गिरोह एक सुनियोजित तरीके से गैंग चलाता था। निसंतान दंपती से ऊंचे रकम लेकर उन्हें बच्चा बेचना इस गिरोह का मुख्य काम था। सबसे अचरज की बात तो यह है कि पिछले कई साल से यह अस्पताल शहर के बीचोबीच चल रहा था और यहां मानव तस्करी होती थी। दूर-दूर तक इस गिरोह ने अपना जाल फैला रखा था। यह बात भी सामने आ रही है कि इस गैंग में कई आशा कार्यकर्ता भी शामिल थी।
इनमें से कुछ पकड़ी गई हैं और कुछ फरार हैं, लेकिन पुलिस, प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मी तो खुद इसका सरगना निकला। अब इस गिरोह के खुलासे के बाद यहां खलबली मची हुई है। कुछ अधिकारियों को लग रहा है कि यदि पूरा गैंग पकड़ में आया तो वह भी फंस सकते हैं। ऐसे में अंदरखाने उनमें खलबली मची हुई है।