पाकिस्तान से वीडियो कॉल पर बेटे को देख अधिवक्ता और बादल की मां की आखें छलक पड़ी। बादल भी माता-पिता से बात करते समय कुछ देर के लिए भावुक हुआ और आंखें भर आईं, लेकिन इसके बाद उसने खुद को संभाला और हंसता रहा।
पाकिस्तान की जेल में बंद बरला के गांव खिटकारी निवासी बादल बाबू 24 जनवरी को पाकिस्तान की कोर्ट में पेश किया गया। चार्जशीट नहीं पहुंचने के कारण उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। इसीलिए उसे पुन: जेल भेज दिया गया। अब अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी।
विज्ञापन
बादल से वीडियो कॉल पर मां-बाप ने की बात
बादल के पिता कृपाल सिंह ने बताया कि अधिवक्ता फियाज रामाय से वीडीओ कॉल पर बात हुई थी। इस दौरान बेटे को देख उनके और बादल की मां की आखें छलक पड़ी। बादल भी माता-पिता से बात करते समय कुछ देर के लिए भावुक हुआ और आंखें भर आईं, लेकिन इसके बाद उसने खुद को संभाला और हंसता रहा। कृपाल सिंह ने बताया कि पाकिस्तान निवासी सना रानी और उसकी मां के कहने पर बादल पाकिस्तान चला गया और उसे वहां परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बात करते वक्त पिता ने पूछा बेटा ठीक है तू, तो उसने कहा कि हां मैं ठीक हूं। कृपाल सिंह बोले, बता तो जाता हमें, बादल ने कहा कि वो लड़की बहुत परेशान थी इसीलिए आया। वीडियो कॉल पर मां सामने आती है तो दोनों एक दूसरे को देखते ही रो पड़े। पिता ने कहा बेटा झूठ मत बोलना, जो है सच ही बताना। बादल ने कहा कुछ भी हो झूठ नहीं बोलूंगा, मैं लौटकर आऊं या न आऊं पर आप परेशान मत होना। मैंने कोई गलत काम नहीं किया है।