नगर पालिका में तैनात लिपिक से नगर पालिका अध्यक्ष ने उनका नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने की मांग की है। पिछले काफी समय से उनसे प्रति मांगी जा रही थी, लेकिन अभी तक पारिवारिक कारणों से वह प्रति उपलब्ध नहीं करा सके हैं।
बृहस्पतिवार को पत्र जारी कर लिपिक विद्यासागर शर्मा को नगर पालिका अध्यक्ष ने तीन दिन का समय दिया है। इससे पहले पालिका अध्यक्ष ने 29 सितंबर को भी इस संबंध में पत्र जारी किया था, लेकिन अलग-अलग कारण बताकर उन्होंने पत्र उपलब्ध कराने में असमर्थता जताई थी। इसके बाद सात नवंबर को भी पत्र जारी कर प्रति मांगी गई।
नियुक्ति पत्र उपलब्ध न करा पाने को नगर पालिका अध्यक्ष ने खेदजनक व आपत्तिजनक माना है, इसलिए आदेश जारी कर उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है। प्रति उपलब्ध न कराने पर उन्होंने लिपिक को विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पालिका अध्यक्ष ने लिपिक को भेजे पत्र में नियुक्ति पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की वजह साफ नहीं की है। जानकारी के अनुसार एक प्रकरण में गोपनीय शिकायत पर जांच की जा रही है, जिसके क्रम में यह नियुक्ति पत्र मांगा गया है। ईओ रोहित सिंह का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। इधर, लिपिक विद्यासागर शर्मा का कहना है कि वह अवकाश पर हैं। अभी उन्हें पत्र मिला नहीं है।