अयोध्या का श्रीधाम हाथरस के गुलाब जल, इत्र, चंदन व ब्रजरज से महकेगा। नगर पालिका परिषद हाथरस के पूर्व अध्यक्ष आशीष शर्मा ने इसके लिए बड़ी पहल की है। अलीगढ़ रोड स्थित प्रांगण में विधि-विधान के साथ सभी का पूजन करने के बाद अयोध्या श्रीधाम के लिए भेजने की तैयारी की गई है।
आशीष शर्मा की ओर से विगत 45 दिनों से ब्रज के 84 कोस में स्थित मंदिर व मठों से ब्रजरज, जल व चंदन तथा जनपद से गुलाब के फूल चुनकर गुलाब जल और इत्र बनवाया गया है। इसकी बृहस्पतिवार को विधि-विधान से पंडित सीपूजी महाराज व उनकी टीम ने पूजा-अर्चना कराई।
इस ब्रजरज, चंदन, गुलाब जल व इत्र से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या को महकाने की तैयारी की गई। आशीष शर्मा ने स्वयं ब्रज के 84 कोस के सभी मंदिर व मठों में जाकर संतों से आशीर्वाद लेकर वहां की रज, जल और चंदन लिया तथा जनपद व ब्रज के गुलाब के फूल एकत्रित कर हसायन में गुलाब जल व इत्र निर्मित कराया।