माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभी विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की हाजिरी अब ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होगी। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के आदेश पर विभाग ने इसकी कवायद भी शुरू कर दी है, जल्द ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
हाथरस जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के करीब 350 विद्यालय संचालित हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इन विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के करीब एक लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अब इन विद्यार्थियों की हाजिरी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इस संबंध में सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद भगवती सिंह ने डीआईओएस को निर्देश दिए हैं।
जारी निर्देशों में उन्होंने कहा है कि विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति की प्रक्रिया पारदर्शी व तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए एक पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति प्रतिदिन दर्ज की जाएगी। प्रधानाचार्य द्वारा प्रथम पीरियड में परिषद की वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध लिंक या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल एप यूपी अटेंडेंस के माध्यम से लॉग इन कर विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।
सभी प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन हाजिरी के संबंध में निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।-संतप्रकाश, डीआईओएस हाथरस।