कस्बे के मोहल्ला पोखरवाला में सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे ढाई साल के मासूम को बाइक सवार दो युवकों ने उठा ले जाने की कोशिश की। दादी व आसपास लोगों ने बच्चे को बचाया। पिता ने कोतवाली में शिकायत की है।
मोहल्ला पोखरवाला आंबेडकर पार्क के निकट रहने वाले धीरज कौशिक ने बताया कि सोमवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे उनका ढाई साल का बेटा धनंजय घर के बाहर पार्क के गेट के पास खेल रहा था। उन्होंने बताया कि तभी बाइक सवार दो युवक आए, जिनमें से पीछे वाले युवक ने बेटे के कपड़े पीछे से पकड़े और ले जाने लगा।
रोने की आवाज सुनकर उनकी मां उमा शर्मा ने बच्चे को युवक से छीनने का प्रयास किया। इसी छीना-झपटी में धनंजय सड़क पर गिर गया और सिर में चोट आई। धीरज ने बताया कि आसपास के लोगों ने भी बाइक सवारों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भाग गए। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। धीरज ने इसकी सूचना पुलिस को दी और लिखित शिकायत की है। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला अपहरण का नहीं लग रहा है। बाइक की टक्कर से बच्चा घायल हुआ है, फिर भी शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।