चामड़ गेट चौराहे पर सिविल ड्रेस में जाम को खुलवाने की कोशिश कर रहे एक सिपाही पर जाम में फंसे दो बाइक सवार युवकों ने धारदार आरी से हमला बोल दिया। हमले के बाद भाग रहे आरोपियों को मौके पर मौजूद लोगों ने दबोच लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
सदर कोतवाली पुलिस ने घायल सिपाही को बागला जिला अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 307 और सात-क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
चामड़ गेट चौराहे पर शुक्रवार दोपहर को जाम लगा हुआ था। देर तक जाम लगा होने पर पास मौजूद पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही गुरमीत सिंह सादा वर्दी में चौराहे पर पहुंचा और जाम खुलवाने लगा। इस दौरान आरोपी बाइक सवार नदीम निवासी सादाबाद और फिरोज निवासी किला गेट ने अपनी बाइक जाम में गलत तरीके से घुसा दी।
इस पर सिपाही ने उन्हें सख्त लहजे में बाइक हटाने को कहा। बाइक सवारों ने सिपाही से गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे गुस्साए सिपाही ने एक बाइक सवार को थप्पड़ रसीद दिया। आरोपियों के पास आरी थी।
थप्पड़ खाने से गुस्साए आरोपियों ने आरी से सिपाही पर हमला बोल दिया। सिपाही के सिर में आरी से कई वार किए गए। चौराहे पर मौजूद लोगों ने सिपाही को बचाने के लिए एकजुट होना शुरू कर दिया। लोगों के एकजुट होने से आरोपियों के पैर उखड़ गए और वह बाइक लेकर भागने लगे। इस पर लोगों ने दौड़कर उन्हें दबोच लिया और जमकर धुन डाला।
सिपाही पर हमले की सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को जिला अस्पताल ले गई। आरोपियों को भी पुलिस थाने ले आई, जहां शाम तक उन्हें हिरासत में रखा हुआ था। सदर कोतवाल सूर्यकांत द्विवेदी का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।