दिवाली पर रविवार व सोमवार को लगातार अवकाश रहने के कारण त्योहार की खरीदारी के लिए लोगों ने एटीएम से बड़े पैमाने पर धन की निकासी की। इस कारण कई इलाकों के एटीएम में सोमवार शाम तक नकदी खत्म हो गई। लोग नकद निकासी के लिए भटकते नजर आए।
शहर के चक्की बाजार, आगरा रोड, मधुगढ़ी क्षेत्र में लगे एक्सिस बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से नकदी समाप्त हो गई। कई जगह लोगों को नकदी निकालने के लिए एक से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाना पड़ा।
मंगलवार सुबह बैंक खुलने के बाद भी अधिकांश एटीएम में तुरंत नकदी नहीं डाली जा सकी। नाई का नगला निवासी ललित मोहन ने बताया कि दिवाली जैसे बड़े त्योहार पर बैंक शाखाओं और एटीएम में नकदी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से की जानी चाहिए थी, ताकि आम जनता को असुविधा न हो। आगरा रोड निवासी अनूप चौधरी ने बताया कई एटीएम पर चक्कर लगाने के बाद उन्हें नकदी मिली। लीड बैंक मैनेजर राजीव कुमार ने बताया त्योहार पर अधिक निकासी के कारण कुछ एटीएम में कुछ देर दिक्कत रही होगी। मंगलवार को सुबह सभी एटीएम में नकदी डाली गई है।