एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1.06 लाख रुपये पार
गांव नगला देशराज पुरा खुर्द निवासी युवक के साथ हुई घटना
पीड़ित शिकायत लेकर पहुंचा कोतवाली, पुलिस कर रही छानबीन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला देशराज पुरा खुर्द निवासी युवक का एटीएम कार्ड बदल कर किसी शातिर ने उसे खाते से 1.06 लाख रुपये पार कर दिए। इसकी जानकारी होने पर युवक के होश उड़ गए। बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया और फिर मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुरा खुर्द के मजरा नगला देशराज निवासी निशांत कुमार पुत्र मान सिंह का बुर्ज वाला कुआं स्थित केनरा बैंक में खाता है। सात अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे निशांत का भाई पंकज कुमार उसका एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने के लिए चूना वाला डंडा सादाबाद गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में पहुंचा। रुपये नहीं निकले। इस बीच वहां खड़े दो शातिरों ने एटीएम कार्ड को उसे बातों में फंसाकर बदल दिया।
सात अक्तूबर और आठ अक्तूबर को शातिरों ने निशांत कुमार के बैंक खाते से एक लाख, छह हजार 890 रुपये पार कर दिए। इसकी जानकारी निशांत के मोबाइल फोन पर एसएमएस आने पर हुई तो उसके होश उड़ गए। वह अपनी शिकायत लेकर केनरा बैंक गया और यहां से स्टेटमेंट निकलवाया, जिससे पता चला कि शातिर व्यक्ति ने सादाबाद की एक पेट्रोल पंप से उसी कार्ड से पेट्रोल लिया। गाड़ी के लिए खरीदे गए टायर का पेमेंट भी उसी कार्ड से किया गया है। कोतवाली प्रवेश राणा ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर पर मामले की छानबीन की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।