विभागीय आदेशों की लगातार अवहेलना करने, हठधर्मिता दिखाने और एक सेवानिवृत्त शिक्षक की पेंशन पत्रावली को जानबूझकर लटकाने के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी स्वाति भारती ने कार्रवाई की है। उन्होंने संविलियन विद्यालय बर्द्धवारी में तैनात सहायक अध्यापक रामनिवास को निलंबित कर दिया है।
संविलियन विद्यालय बर्द्धवारी से सेवानिवृत्त हुए सहायक अध्यापक श्रीचंद्र की पत्नी विजेंद्री देवी ने डीएम के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति की पेंशन पत्रावली को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने बीएसए और वित्त एवं लेखाधिकारी की दो सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की थी।
जांच समिति द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान से रिपोर्ट मांगी गई। जांच में यह साफ हुआ कि खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान ने तो सेवानिवृत्त शिक्षक को समय पर अदेय प्रमाणपत्र दिलाने और पत्रावली आगे बढ़ाने के पूरे प्रयास किए, लेकिन उसी विद्यालय के सहायक अध्यापक रामनिवास ने जानबूझकर इंचार्ज प्रधानाध्यापक का कार्यभार ग्रहण नहीं किया।
उन्होंने अपने नियोक्ता और निरीक्षण अधिकारी दोनों के आदेशों को ठेंगा दिखाया, विभागीय पत्रों को लेने से इन्कार किया और कोई स्पष्टीकरण भी नहीं दिया। समिति ने रामनिवास को कर्मचारी आचरण नियमावली के उल्लंघन का दोषी पाया था। बीएसए ने उन्हें निलंबित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र हाथरस के कार्यालय से संबद्ध किया है। विस्तृत जांच बीईओ नगर क्षेत्र आलोक प्रताप श्रीवास्तव को सौंपी गई है, जो अलग से आरोप पत्र तैयार कर अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे।