अलीगढ़ रोड रेलवे ओवरब्रिज पर बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग हींग कारोबारी की बाइक में टक्कर मार नीचे गिरा दिया उसके बाद एक लाख रुपये पार कर दिए। बुधवार की शाम लगभग चार बजे हुई इस घटना से इलाके में सनसनी मच गई। कारोबारी ने कोतवाली हाथरस गेट पहुंच कर मामले की शिकायत की। सूचना पर पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
विष्णुपुरी निवासी 62 वर्षीय हींग कारोबारी दाऊदयाल शर्मा ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर नयागंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ब्रांच से 45 हजार रुपये निकालकर घर पहुंचे। खाना खाने के बाद 55 हजार रुपये और घर से लेकर बाजार गए। यहां से जरूरी काम निपटाते हुए वे गिर्राज कॉलोनी लौट रहे थे। यहां हींग का भुगतान करना था। कोतवाली सदर की तरफ से रेलवे पुल पर उतरते समय शाम लगभग चार बजे पीछे से आई बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर गए।
दाऊदयाल शर्मा ने बताया कि बाइक पर दो युवक सवार थे। एक युवक ने बाइक उठाई, जिस पर थैला टंगा था और एक ने मुझे उठाने का प्रयास किया। इसी बीच ब्लेड से थैला काट लिया और रुपये पार कर लिए। देनदार के घर पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। एएसपी रामानंद कुशवाह ने बताया कि कोतवाली हाथरस गेट में शिकायत मिली है। मामले में जांच की जा रही है। संवाद