वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत हाथरस में राज्य कर विभाग के तीन में से एक खंड को खत्म किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस क्रम में जिले के 2351 पंजीकृत व्यापारियों को दूसरे खंड में हस्तांतरित किया जाएगा। इन सभी व्यापारियों को खंड एक और खंड दो में समायोजित किया जाएगा।
राज्य कर कार्यालय में भौगोलिक आधार पर फर्मों को विभाजित किया गया है। इसके तहत जिले के पंजीकृत कारोबारियों को तीन खंडों में रखा गया था। सादाबाद व सिकंदराराऊ तहसील क्षेत्र में आने वाली करीब 2351 फर्म खंड तीन में दर्ज हैं। अब इन फर्मों को खंड तीन से हटाकर खंड एक व दो में स्थानांतरित किया जाएगा।
इस तरह से आने वाले समय में खंड एक में 2843 की जगह 3802 व खंड दो में 2402 की जगह 3794 व्यापारी होंगे। पंजीकृत कारोबारियों को अपने दस्तावेजों में इन फर्माें के खंड को बदलना होगा। उन्हें यह भी देखना होगा कि उनकी फर्म किस खंड में पहुंची है। राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त प्रशासन मयंक जैन ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से फर्मों को हस्तांतरित किए जाने की तैयारी की जा रही है।