संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पंचायत पुरस्कार वर्ष 2023 के तहत दीन दयाल उपाध्याय सतत विकास पुरस्कार, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत: विकास पुरस्कार के लिए त्रिस्तरीय (जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं ग्राम पंचायतों) को पंचायत अवार्ड पोर्टल पर आवेदन करने होंगे। डीएम रमेश रंजन ने बताया कि इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू होगी।
ग्राम पंचायतें सतत विकास लक्ष्यों के नौ विषयों पर उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर आवेदन करेंगी। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय जनपद स्तरीय पंचायत परफॉरमेंस असेसमेंट कमेटी एवं ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय ब्लॉक स्तरीय पंचायत पंचायत परफॉर्मेंस असेसमेंट कमेटी गठित की गई है।
प्रत्येक विकास खंड से नौ थीमों के अनुसार प्रत्येक थीम पर सबसे सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाली 3 ग्राम पंचायतों का विकास खंड स्तर से चयन किया जाएगा। जनपद स्तर पर प्रत्येक थीम में तीन ग्राम पंचायतों का चयन कर स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा।
प्रश्नावलियों के उत्तर संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव, पंचायत सहायक तथा प्रधान द्वारा साक्ष्यों के आधार पर ब्लॉक पंचायत कमेटी के पर्यवेक्षण में सचिव, पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत द्वारा ऑनलाइन भरकर फ्रीज किए जाएंगे। दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार में प्रत्येक थीम में 03 ग्राम पंचायत को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रथम पुरस्कार की राशि 50 लाख, द्वितीय पुरस्कार की राशि 40 लाख एवं तृतीय पुरस्कार की राशि-30 लाख है। नानाजी देशमुख पुरस्कार में समस्त विषयों पर उत्कृष्ट के आधार पर तीन ग्राम पंचायतों का चयन होगा। प्रथम पुरस्कार 1.5 करोड़, द्वितीय 1.25 करोड़ एवं तृतीय 1 करोड़ का पुरस्कार है। क्षेत्र पंचायत दीन दयाल उपाध्याय पुरस्कार में प्रत्येक थीम पर 3 क्षेत्र पंचायत, जिसमें प्रथम 50 लाख, द्वितीय 40 लाख एवं तृतीय 30 लाख है।