अनुराग को तत्काल रिहा कर मुकदमा वापस लें
डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। डीजीसी (फौजदारी) अनुराग शर्मा की गिरफ्तारी के विरोध में अब स्थानीय अधिवक्ता सामने आ गए हैं। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसपी ऑफिस पर एसपी और एएसपी से मिला। वकीलों ने अनुराग शर्मा को रिहा करने और उनके विरुद्ध दायर मुकदमे को वापस लेने की मांग की।
इससे पहले बार एसोसिएशन की बैठक में अनुराग शर्मा की पत्नी के निधन पर शोक जाहिर किया गया। तदुपरांत अधिवक्ता डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत सारस्वत, सचिव अरविंद वशिष्ठ आदि की अगुवाई में एसपी ऑफिस गए। वहां इन अधिवक्ताओं ने कहा कि अनुराग शर्मा की पत्नी की मौत का कारण एंटीमार्टम हैंगिंग आया है।
इससे स्पष्ट है कि अनुराग शर्मा की पत्नी ने आत्महत्या की थी। उसे किसी परिजन ने प्रताड़ित नहीं किया औ न ही हत्या की गई। मृतका के बच्चों के बयान से भी यह घटना आत्महत्या को अग्रेसित होती है, फिर भी थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा धारा 302 में कमी नहीं की गई है। ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि अनुराग शर्मा की शादी को 18 साल हो चुके थे, लेकिन मृतका और उसके परिजनों द्वारा अनुराग शर्मा व उनके परिजनों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई थी, इसलिए अनुराग शर्मा के खिलाफ दर्ज मुकदमे को समाप्त करा उनको रिहा कराया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो एसोसिएशन आंदोलन को बाध्य होगी। इस मौके पर राजीव तिवारी, राजेंद्र शर्मा, गौतेंद्र सिंह, मनोज शर्मा, गोविंद वरिष्ठ सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।