गांव पुन्नेर में बनेगा एक और स्थाई गोवंश आश्रय स्थल
जिला प्रशासन ने चिह्नित की भूमि, संबंधित विभाग को सौंपा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शासन स्तर से एक और गोवंश आश्रय स्थल निर्माण के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के क्रम में काफी प्रयास के बाद जिला प्रशासन की ओर से गांव पुन्नेर में ग्राम समाज की भूमि को स्थाई गोवंश आश्रय स्थल के लिए चिह्नित कर लिया है। इस भूमि पर अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शासन स्तर से जिले में वर्तमान में दो स्थाई गोवंश आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण के साथ शासन की ओर से एक और स्थाई गोवंश आश्रय स्थल निर्माण के लिए निर्देश जारी किए। वहीं पशु पालन विभाग को इसके लिए 1.20 करोड़ रुपये शासन की ओर से पशु पालन विभाग को भेज दिया गया था। काफी लंबे प्रयास के बाद जिला प्रशासन ने गांव पुन्नेर में ग्राम समाज की भूमि को चिह्नित कर पशु पालन विभाग को सौंप दिया है।
वहीं विभाग की ओर से निर्धारित एस्टीमेट के अनुसार निर्माण को लेकर कार्यदायी संस्था को पीडब्ल्यूडी को भेज दिया गया है। अब जल्द ही गोवंश आश्रय स्थल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। विभाग की ओर से निर्माण धनराशि कार्यदायी संस्था को देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।