क्षेत्र की ग्राम पंचायत गिरधरपुर के गांव नगला बंजारा में 10 दिन पूर्व एक 25 केवीए का ट्रांसफॉर्मर फुंकने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूरे गांव की बिजली ठप पड़ी है। ग्रामीण पानी के लिए भी परेशान हैं। नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को गांव में प्रदर्शन भी किया।
गांव नगला बंजारा के चार मोहल्लों में 1800 की आबादी निवास करती है। इन मोहल्लों को इसी ट्रांसफॉर्मर से बिजली दी जाती है। गांव में सभी उपभोक्ताओं के यहां कनेक्शन भी लगे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद विद्युत अधिकारियों ने इस ट्रांसफॉर्मर को बदलवाने की जरूरत नहीं समझी है।
ग्रामीणों ने कई बार उपखंड अधिकारी और अवर अभियंता के फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया है, लेकिन वह फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में विद्युत अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिना बिजली के काफी दिक्कतें हो रही हैं। कूलर-पंखे न चलने के कारण रात को चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं।