अलीगढ़-सिकंदराराऊ के मध्य अकराबाद पर टोल टैक्स की वसूली को लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि एनएच 91 पर अभी पुलों पर काम जारी है। मार्ग अधूरा है। ऐसे में टोल टैक्स की वसूली कैसे की जा सकती है।
दिल्ली से लौटकर व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि पहले तो एनएच 91 का निर्माण कार्य दो वर्ष पीछे चल रहा है। इसके बाद मार्ग पर अभी कार्य अधूरा है। सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्यों को इस बारे में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से बात करनी चाहिए। अगर कर वसूली बंद न की गई तो वह लकवे की स्थिति में आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे।
जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि अभी एनएच 91 पर एटा रोड स्थित मंडी समिति के पुल पर काम चल रहा है। सर्विस रोड अभी अधूरा है। ऐसे में कैसे टोल टैक्स वसूला जा सकता है। करणी सेना के निशांत चौहान का कहना है कि एक तो निर्माणदायी संस्था ने जो काम दो वर्ष पूर्व काम पूरा हो जाना चाहिए था, उसे पूरा नहीं किया। इसके बाद एक वर्ष तक टोल वसूली बंद होनी चाहिए, लेकिन एनएचएआई ने वसूली शुरू कराके मनमानी का परिचय दिया है। इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा। समाजसेवी उदय पुंढीर ने कहा कि जो काम पूरा होने के बाद टैक्स वसूलना चाहिए, उसे अधूरे काम पर वसूलना जनता के साथ स्पष्ट धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। संवाद
इस सेक्शन 45 किमी कुल मार्ग है। चूंकि टोल टैक्स किमी के आधार पर वसूला जाता है, इसलिए यहां पांच किमी मार्ग अपूर्ण होने के कारण केवल 40 किमी मार्ग का टोल वसूला जा रहा है। ब्रिज रेलवे लाइन का पुल चालू होते ही पूरा टैक्स वसूला जाएगा।
-पीके कौशिक, परियोजना निदेशक एनएच 91