क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का आरोप एक युवक पर लगाया गया है। इसकी रिपोर्ट पुलिस ने 23 जनवरी को दर्ज की थी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि उनकी करीब 15 वर्षीय बेटी कक्षा 10 की छात्रा है। जुलाई माह में उनकी ननद का बेटा उनके घर आया था। आरोप है कि जब वह काम से बाहर जाती थीं तो आरोपी उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म करता था। पेट में दर्द होने पर जब उन्होंने बेटी को चिकित्सक को दिखाया तो जांच में पता चला कि वह करीब पांच माह की गर्भवती है।
पूछताछ करने पर बेटी ने मां को पूरी घटना बताई। महिला का कहना है कि जब उन्होंने अपनी ननद से इस बारे में बात की, तो उसने धमकी दी थी। महिला का कहना है कि मंगलवार की सुबह पांच लोग हथियार लेकर उनके घर पर आए और उनके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि जब वह मुरसान थाने शिकायत करने गई तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
आरोप है कि पुलिस फैसला करने का दबाव बना रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी का कहना है कि मंगलवार को महिला की जेठानी से घर के बंटवारे पर कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्ष थाने आए थे और फैसला कर लिया। किशोरी से दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उसके बयान दर्ज करा दिए गए हैं। आगे की कार्रवाई चल रही है।