सलेमपुर पुलिस चौकी पर हंगामे के दौरान पुलिस से होती नोकझोंक। संवाद
- फोटो : Samvad
कोतवाली क्षेत्र की सलेमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध हालात में घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मंगलवार को मृत्यु हो गई। परिजनों ने मंगलवार की रात को पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर यह लोग वहां से हटे।
गांव नगला कांच में निवासी विनय कुमार पुत्र सोनपाल सिंह के खिलाफ तीन वर्ष पहले छेड़खानी का मुकदमा दर्ज हुआ था। विनय के परिजनों ने बताया कि इस प्रकरण में समझौते के प्रयास किए जा रहे थे। तभी अठारह फरवरी को गांव के ही कुछ नामजदों ने गाली-गलौज करते हुए विनय को पीट दिया। उसे गंभीर घायल अवस्था में उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया।
वहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।परिजनों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना देते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से साफ इन्कार कर दिया।
इससे नाराज परिजन और ग्रामीण मंगलवार की रात को शव को लेकर सलेमपुर पुलिस चौकी पर पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पुलिस कर्मियों पर धमकाने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। इस हंगामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।
हंगामे की सूचना पर सीओ सिकंदराराऊ श्यामवीर सिंह मौके पर पहुंच गए और रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने मृतक के भाई दिनेश कुमार की तहरीर पर सलीम खान, रहीशपाल, आरिफ व सादिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।