मोहल्ला बारहसेनी में हर समय जलभराव के कारण जमा कीचड़
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस के सिकंदराराऊ में तीन दशक से जलभराव की समस्या झेल रहे मोहल्ला बारहसैनी के लोगों का सब्र शुक्रवार को उस समय जवाब दे गया, जब नगर पालिकाध्यक्ष मुशीर अहमद मोहल्ले में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। मोहल्ला वासियों ने ने स्पष्ट कह दिया कि 30 साल से आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन अब उन्हें परिणाम चाहिए।
बता दें कि तीन दशक पूर्व तक नगर के मोहल्ला बारहसैनी समेत कई मोहल्लों का पानी नाले-नालियों में होकर नगर के जीटी रोड स्थित बड़े तालाब में जाता था। पिछले 50 वर्षों से यह व्यवस्था चल रही थी। जीटी रोड के तालाब का पानी पुरानी तहसील के तालाब में होकर कासगंज मार्ग के तालाब में चला जाता था। वहां किसान इस पानी से अपने खेतों की सिंचाई करते थे। तीन दशक पूर्व इस तालाब की भूमि की बिक्री कर दी गई। खरीदार ने तालाब को पाटकर इस पर निर्माण कर लिया। नतीजा, पानी की निकासी का रास्ता बंद होने से जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।
जीटी के रोड के तालाब के पटते ही कासगंज रोड स्थित नाले पर एक व्यक्ति ने पक्का निर्माण कर लिया। ऐसे में अब पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं है। अब तक कई अध्यक्ष बने, लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया। चेयरमैन से भाजपा के नगर अध्यक्ष नीरज वैश्य, सेक्रेटरी सिंह यादव, बृजबिहारी कौशिक, कृष्णगोपाल वार्ष्णेय खिल्लो दादा, अखिल वार्ष्णेय ने कहा कि अब मोहल्ले वालों के सब्र का बांध टूटने वाला है। जब तक नगर पालिका जीटी रोड तक बड़ा नाला नहीं बनाएगी और उसे नीचा नहीं करेगी, तब तक जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। चेयरमैन ने आश्वासन दिया कि जल्द ही वह इस पर काम शुरू कराएंगे।