सिकंदराराऊ क्षेत्र में 12 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए करीब 1.15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति शासन ने प्रदान कर दी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही इन भवनों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
अब तक सिकंदराराऊ क्षेत्र के अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र प्राथमिक विद्यालयों के कमरों या निजी भवनों में संचालित हो रहे थे, जिससे बच्चों और कार्यकर्ताओं को कई प्रकार की असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। जगह की कमी, मूलभूत सुविधाओं का अभाव और सुरक्षित वातावरण न होने के कारण केंद्रों का संचालन प्रभावित हो रहा था।
कई बार अभिभावकों ने भी इस समस्या पर चिंता जताई थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ग्राम्य विकास और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने संयुक्त रूप से टेंडर की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।
प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए मानक के अनुसार भवन तैयार किए जाएंगे, जिनमें बच्चों के बैठने के लिए कक्ष, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और खेलकूद के लिए सुरक्षित स्थान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नए भवन बनने से न केवल आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि बच्चों को बेहतर वातावरण में पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी।