बाबा जाहरवीर मंदिर में दर्शन के लिए लगी भीड़। संवाद
- फोटो : samvad
गांव कोंकना कलां स्थित बाबा जाहरवीर गोगाजी महाराज की माड़ी पर रविवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की द्वितीया पर वार्षिक मेले का आयोजन हुआ। दर्शन के लिए सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।
ग्रामीणों के अनुसार माड़ी पर साल में दो बार मेला लगता है। दूसरा आयोजन माघ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को होता है। यह मेला सौ वर्ष से अधिक पुराना बताया जाता है। कुछ श्रद्धालु इसे करीब डेढ़ सौ वर्ष पुरानी परंपरा मानते हैं। मेले का आयोजन पालीवाल परिवार करता है, जिसमें आसपास के गांवों के ग्रामीण भी सहयोग देते हैं। मंदिर प्रांगण में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय भी मेला में बाबा जाहरवीर के दर्शन के लिए पहुंची। उन्होंने मंदिर में हाई मास्ट लाइट लगवाने की घोषणा की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष संदीप शाह, लालबहादुर कुशवाह, होरीलाल राना, धूरेंद्र, बच्चू सिंह, हरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।