क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। गांव मीरपुर के निकट ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर एंट्री-एग्जिट (चढ़ाव-उतार) का निर्माण किया जाएगा। इससे आगरा की दूरी करीब 10 किमी और अलीगढ़ की दूरी करीब 15 किमी कम हो जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने क्षेत्रीय लोगों की इस मांग से संबंधित पत्र का संज्ञान लेते हुए इसे संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज दिया है।
गौरतलब हो कि आगरा से अलीगढ़ तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जो कि सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव से होकर गुजर रहा है। एक्सप्रेसवे पर कहीं भी कट न होने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी थी। लिहाजा, सादाबाद विधायक प्रदीप सिंह ने गांव मीरपुर के पास एक्सप्रेसवे पर कट की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजा था और कट की मांग की थी।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत कजरौठी के प्रधान महाराज सिंह ने भी विधायक को ज्ञापन सौंपकर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के अंतर्गत सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव मीरपुर क्षेत्र में राया-सादाबाद रोड के लिए प्रवेश और निकासी की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई थी। अब, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक को भेजे पत्र में बताया कि उनका पत्र प्राप्त हो गया है और संबंधित प्रस्ताव को विचार एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारी को प्रेषित कर दिया गया है।
यदि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर सादाबाद के निकट प्रवेश-निकासी की सुविधा मिलती है तो क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। कट मिलने से आगरा की दूरी करीब 10 और अलीगढ़ की दूरी 15 किमी कम हो जाएगी। -पोहप सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, मीरपुर
मैंने क्षेत्र की जनता की मांग को ध्यान में रखकर केंद्रीय मंत्री को एक्सप्रेसवे पर उतार-चढ़ाव के लिए कट बनाए जाने के लिए पत्र भेजा था, जिसका मंत्री ने संज्ञान ले लिया है। कट बन जाने से क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, किसानों आदि को काफी राहत मिलेगी।
-प्रदीप सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी, विधायक, सादाबाद
मुख्य बातें-
- एंट्री-एग्जिट बनने पर आगरा की दूरी लगभग 10 किमी कम होगी।
- अलीगढ़ की दूरी लगभग 15 किमी कम हो जाएगी।
- किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
- क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना।
- सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांवों की एक्सप्रेसवे तक सीधी पहुंच आसान होगी।
किसानों और व्यापार को गति : सादाबाद और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के आलू उत्पादक किसानों और व्यापारियों को आगरा व अलीगढ़ की मंडियों तक पहुंचने में बड़ी सुगमता होगी।
समय और ईंधन की भारी बचत : कट मिल जाने से राया-सादाबाद मार्ग के दर्जनों गांवों के लोगों को एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
यमुना एक्सप्रेसवे से सीधा जुड़ाव : यह ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे पर यमुना एक्सप्रेसवे जंक्शन (खंदौली, आगरा) से जुड़ रहा है, जिससे दिल्ली-नोएडा की कनेक्टिविटी भी इस क्षेत्र के लिए बेहद आसान हो जाएगी।