आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार की शाम को हादसे में घायल चिकित्सा कर्मी मुकेश कुमार (50) की शनिवार को आगरा के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह ब्रजभूमि एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस सेवा में तैनात थे। उनके निधन से परिवार शोक में डूब गया है।
ग्राम पंचायत कजरौठी के गांव जंगला निवासी मुकेश कुमार मंगलवार की शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह गांव गीगला के निकट पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक टेंपो ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकेश मोटरसाइकिल समेत सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हाईवे एंबुलेंस के कर्मचारियों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद मुकेश को गंभीर हालत में आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। अब उनकी मौत के बाद पत्नी, बुजुर्ग पिता और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद