अगर कोई गर्भवती महिला अस्पताल पहुंचने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही 102 एंबुलेंस सेवा का लाभ उठाना चाहती है तो उसके लिए इसे स्वयं ही कंट्रोल रूम में फोन करना होगा। अगर वह खुद बात नहीं कर सकती है तो उसे किसी महिला तीमारदार से ही बात करानी होगी। तभी उसे नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा लाभ मिल सकेगा। पुरुष तीमारदार के फोन पर गर्भवती महिला को 102 एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिलेगा। हालांकि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के पास कोई आदेश नहीं आया है।
प्रदेश सरकार द्वारा हर जिले में 102 और 108 एंबुलेंस सेवा चलाई जा रही है। अभी तक गर्भवती महिला व प्रसूता के किसी भी परिजन की फोन कॉल पर आसानी से 102 व 108 एंबुलेंस उपलब्ध हो जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अगर कोई भी गर्भवती महिला या प्रसूता एंबुलेंस लेने के लिए कंट्रोल रूम में फोन करती है तो उसे स्वयं ही बात करनी होगी।
अगर वह स्वयं बात नहीं करना चाहती है तो आशा कार्यकर्ता व किसी महिला तीमारदार से बात कराएगी। इसके बाद भी उन्हें नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा का लाभ मिल सकेगा। अगर किसी गर्भवती महिला व प्रसूता का पुरुष तीमारदार एंबुलेंस लेने के लिए कॉल करेगा तो उसे एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिलेगा।
बता दें कि मंगलवार को सहपऊ में एक गर्भवती महिला के परिजनों ने एंबुलेंस के लिए कॉल की थी, लेकिन उनसे कहा गया था कि गर्भवती महिला से पहले बात कराओ, उसके बाद ही एंबुलेंस आएगी। इस दौरान महिला ने अस्पताल से पहले ही खुले में बच्चे को जन्म दे दिया था।
जब सरकार द्वारा गर्भवती महिला व प्रसूताओं के लिए नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है तो इसमें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। अगर मरीज का कोई भी तीमारदार फोन कर रहा है तो उन्हें एंबुलेंस मिलनी चाहिए।
-सीमा, गिजरौली
अगर कोई गर्भवती महिला है तो अमूमन उनके परिजन ही एंबुलेंस को बुलाने के लिए कॉल करते हैं, लेकिन अगर एंबुलेंस बुलाने के लिए पहले महिला से बात करने की बात कही जा रही है तो यह गलत व्यवस्था है।
-रचना, हरवंश विहार कॉलोनी
हमारे पास इस संबंध में कोई आदेश अभी तक नहीं आया है, लेकिन 102 व 108 एंबुलेंस के जिला कोआर्डिनेटर ने बताया है कि 102 एंबुलेंस कंट्रोल रूम में गर्भवती व प्रसूता को ही कॉल करने पर एंबुलेंस मिलेगी। महिला की जगह पुरुष तीमारदार द्वारा कॉल करने पर एंबुलेंस नहीं मिलेगी।
-डॉ. नरेश गोयल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी