बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी कर रहे एक शिक्षक ने ग्रेजुएट से पहले ही पोस्ट ग्रेजुएट कर लिया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि कहीं इस शिक्षक ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से तो नौकरी प्राप्त नहीं कर ली, फिलहाल मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी सादाबाद ने शुरू कर दी है। खंड शिक्षाधिकारी ने शिक्षक को नोटिस जारी करते हुए सात दिन में जवाब भी मांगा है।
खंड शिक्षाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय सादाबाद तृतीय में तैनात सहायक अध्यापक अनिल कुमार पुत्र रामकिशन निवासी नगला मान्धाता कुरसंडा ने वर्ष 1996 में एमए अर्थशास्त्र से सेंट जोंस कॉलेज आगरा रोल नंबर 1715 पर किया है।
जबकि इस शिक्षक ने सहायक अध्यापक बनने के लिए बीए की जो अंकतालिकाएं लगाई हैं, वह बीए प्रथम वर्ष 1997, बीए द्वितीय वर्ष 1998 और बीए तृतीय वर्ष 1999 की हैं। प्रथम दृ़ष्टया यह संदिग्ध प्रतीत होती हैं। इसलिए शिक्षक को सात दिन में साक्ष्यों सहित जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है। खंड शिक्षाधिकारी ने बताया कि यदि नोटिस का सात दिन के अंदर शिक्षक ने जवाब नहीं दिया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।