विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट साझा कर कोतवाली हाथरस गेट की पुलिस पर गो रक्षकों पर लाठी चलाने का आरोप लगाया है। आरोप है कि संरक्षित पशु का मांस ले जाने के शक पर गो रक्षकों ने एक कंटेनर रोका था, जिस कारण पुलिस ने घटना को अंजाम दिया।
शुक्रवार को विहिप पदाधिकारी ने यह पोस्ट साझा करते हुए शनिवार की सुबह 10 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना देने की बात कही है। प्रवीण के अनुसार बृहस्पतिवार की दोपहर आगरा से अलीगढ़ की ओर एक कंटेनर जा रहा था, जिसमें संरक्षित पशु का मांस होने की सूचना थी। गो सेवक चंदपा कोतवाली क्षेत्र से कंटेनर का पीछा कर रहे थे। सूचना पर बजरंग दल रुहेरी प्रखंड के संयोजक गोपाल, रोहित कुशवाहा, राहुल चौधरी व अन्य गो सेवकों ने मिलकर नगला प्रताप चौराहा पर कंटेनर को रोक लिया।
प्रवीण का आरोप है कि जब गो सेवकों ने कंटेनर खुलवाकर दिखवाने की मांग की तो कोतवाली हाथरस गेट की पुलिस ने अभद्रता की और लाठियां चलाकर उन्हें खदेड़ा। कंटेनर के पीछे से आई फाॅच्यूनर कार सवार लोगों से बात करने के बाद कंटेनर को जाने दिया गया।
पुलिस ने कंटेनर की जांच की थी। सभी जरूरी कागजात होने पर कंटेनर को जाने दिया गया। सादाबाद व चंदपा कोतवाली क्षेत्र में भी कंटेनर की जांच की गई थी। लाठी चलाने या अभद्रता के आरोप गलत हैं।
-हिमांशु माथुर, सीओ सिटी