मिठाई के रुपये मांगने पर नशे में दरोगा ने की गाली-गलौज
कस्बा के बांण मार्ग के निकट की घटना, वीडियो वायरल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
हसायन। कोतवाली में तैनात एक दरोगा का शराब के नशे में एक दुकानदार को गाली देने का वीडियो वायरल हुआ है। रविवार की रात साढ़े दस बजे के करीब बाजार में गश्त के दौरान एक हलवाई से मिठाई लेने के बाद पैसा मांगने पर दरोगा ने खाकी का रौब झाड़ते हुए दुकानदार के साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इसका वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया।
बता दें कि उक्त दरोगा ने पहले भी कोतवाली में एक होमगार्ड के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की थी। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने उक्त शराबी दरोगा का वीडियो वायरल होने के बाद एएसपी सिद्घार्थ वर्मा ने पूरे मामले की जांच सीओ सिकंदराराऊ को किए जाने के लिए सौंप दी है। वहीं कस्बा के दुकानदार ने उक्त घटना की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी की है।
जानकारी के अनुसार कस्बा के बांण मार्ग के निकट वार्ष्णेय स्वीट हाउस के नाम से हलवाई की दुकान है। उक्त दुकान पर कस्बा के व्यापारी राहुल वार्ष्णेय के घर पर खाना खाने के जाने के बाद उनके पिता शिवशंकर वार्ष्णेय दुकान पर बैठे हुए थे। रविवार की देर रात साढ़े दस बजे के करीब कोतवाली में तैनात एक दरोगा शराब पीकर शिवशंकर वार्ष्णेय की दुकान पर मिठाई लेने के लिए पहुंचा। शराबी दरोगा ने दुकानदार से चालीस रुपये की मिठाई लेने के बाद जीप में सवार होकर जाने लगा।
इस पर दुकानदार शिवशंकर वार्ष्णेय ने जब उससे पैसे मांगे तो वह बुरी तरह भड़क गया और गाली गलौज करने लगा। घटना की सूचना पर व्यापारी के पुत्र राहुल वार्ष्णेय व व्यापार मंडल के अध्यक्ष विष्णु वार्ष्णेय भी दुकान पर पहुंच गए। तब तक शराबी दरोगा वहां से चले गए। पुलिस अधिकारियों ने उक्त शराबी दरोगा केेे वीडियो वायरल होने के मामले की जांच कराने की बात कही है।