संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला सिंगी में शराब पीने से हुई छह लोगों की मौत के मामले में आबकारी विभाग ने देसी शराब की दो दुकानों से शराब के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। जांच में ये नमूने मानक के अनुसार पाए गए हैं। इनमें मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग की ओर से अब इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि गांव नगला सिंगी में 27 अप्रैल को कुलदेवता को चढ़ाई गई शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई थी। लोगों का कहना था कि कुल देवता को देसी मदिरा की धार चढ़ाने के बाद उसका सेवन किया गया था। इसके बाद लोगों की तबियत बिगड़ी थी।
प्रशासन इस घटना को लेकर खासा परेशान दिखा। आबकारी विभाग ने मौके से खाली पौव्वे भी बरामद किए। इन देसी मदिरा के पौव्वों के आधार पर बैच नंबर ट्रेस कर खातीखाना स्थित देसी मदिरा की दुकान व माधव विहार कॉलोनी इगलास रोड स्थित देसी मदिरा की दुकान को सील कर दिया गया था।
इन दुकानों के स्टॉक में से देसी मदिरा के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। जांच में यह नमूने मानक के अनुसार पाए गए हैं। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट मिल गई है। नमूने मानक के अनुसार पाए गए हैं। शराब में किसी भी प्रकार की कोई मिलावट नहीं थी।