अखिलेश यादव का फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट। स्रोत: सोशल मीडिया
कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र पाल गौतम के बाद अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी हाथरस की कानून व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। सपा प्रमुख ने गाजीपुर की घटना को हाथरस कांड का दोहराव बताया है और सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार की दोपहर अपने फेसबुक एकाउंट से गाजीपुर की घटना को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने बयान बदलवाने पर सवाल खड़े किए। साथ ही लिखा कि गाजीपुर की बेटी का हत्याकांड, हाथरस की बेटी के हत्याकांड का दोहराव है। सपा प्रमुख का इशारा छह साल पहले हुए चंदपा कांड की तरफ है, जो कि राजनीति के कारण काफी सुर्खियों में रहा था।
इससे पहले कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र पाल गौतम भी एक फर्जी घटना का जिक्र कर फंस चुके हैं। पूर्व विधायक ने 22 अप्रैल को एआईसीसी कार्यालय नई दिल्ली में हुई प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि हाथरस में एक कुशवाहा परिवार की बेटी से लगातार छेड़खानी की जा रही थी।
पुलिस से लिखित में शिकायत की गई कि उसकी हत्या हो सकती है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। आखिर में उसकी हत्या हो गई। हकीकत में हाथरस में ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी, इस लिए पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।